r/HindiLanguage • u/CivicLens2136 • 5h ago
क्या है हक मेरा
झूठ को सच बना दे,
ये अख़बार तेरा है।
निहत्थों को भी मरवा दे,
वर्दी वाला शैतान तेरा है।
हक़ माँगने वाले बच्चों को
गद्दार तक बता दे,
ये पत्रकार भी तेरा है।
लड़कियों की इज़्ज़त रौंदकर भी,
जो महान बने,
वो कार्यकर्ता भी तेरा है।
तो बचा क्या जो मेरा है?
एक सवाल है,
जो मेरा है।
इस पर भी अगर कोई मुझे देशद्रोही बता दे,
समझ लेना कि देश का अंधभक्त तेरा है।
ये देश मेरा है,
इसे दुनिया के सामने झुकाने वाला
साथी तेरा है।
जनता का क्या?
एक आवाज़ है,
जो मेरे साथ हर एक नागरिक की है।
उसके सहारे लड़ने का हक़ मेरा है,
और ये हक़ देने वाला
संविधान भी तो मेरा है।
मगर तूने वो भी नहीं बख्शा आज...
टूटेगा ये तेरा अहंकार भी,
टूटेगा।
क्योंकि ख़ून से लिखे फ़ैसलों को
तारीख़ कभी माफ़ नहीं करती।
युवाओं की साँसें छीनकर
अमर कोई सल्तनत नहीं हुई है।